केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को जिलेभर के किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान नेता निहाल सिंह डांगी ने की। मुख्य वक्ता के तौर पर दिलबाग सिंह हुड्डा, सतबीर सिंह पूनिया, विकास सीसर, बबलू खरड़, शमशेर नंबरदार, मास्टर सतबीर गढवाल, जेपी ज्याणी व सतबीर झाझड़िया में किसानों को सम्बोधित किया। मंच संचालन राष्ट्रीय प्रगतिशील कृषक पुरस्कार विजेता सुरेंद्र सिंह आर्य ने किया।
इस दौरान प्रदर्शन को व्यापार मंडल हरियाणा व आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों बजरंग दास गर्ग, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय बूरा व अनाज मंडी जिला प्रधान पवन गर्ग व पीटीआई संघ के अध्यक्ष विजय सिंह ने अपना समर्थन दिया। किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए तीन अध्यादेशों के विरोध में नारेबाजी की।
किसान नेताओं ने कहा कि फार्मर्स प्रोड्यूस ट्रेड व काॅमर्स अध्यादेश, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 में बदलाव व काॅन्ट्रेक्ट फार्मिंग अध्यादेश के माध्यम से केंद्र सरकार किसानों को एक बार फिर से बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। वहीं सरकार द्वारा डीजल के रेट में होती जा रही वृद्धि पर रोष जताया गया।
किसान व आढ़ती दोनों दुखी : गर्ग
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा काॅन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग अपने साथियों सहित किसान प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे। गर्ग ने कहा कि किसान व आढ़ती दोनों दुखी हैं, क्योंकि केंद्र व प्रदेश सरकार नए-नए कानून बनाकर देश व प्रदेश के किसान व आढ़तियों को बर्बाद करने पर तुली हुई है।
सरकार किसान हितैषी होती तो फसल बीमा मुफ्त करती : कृष्ण सातरोड
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हिसार से जिला पार्षद कृष्ण सातरोड़ ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों के बीमा रेट 2.5 गुना बढ़ाकर अपनी किसान विरोधी छवि का एक अन्य उदाहरण पेश कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी डीजल की दरों में वृद्धि कर किसानों को निराश कर चुके हैं। यदि सरकार किसान हितेषी होती तो फसल का बीमा कम से कम तीन साल के लिए मुफ्त करती।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2E4i9KP

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें